चट्टोग्राम। बांग्लादेश के चट्टोग्राम स्थित हथहाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लाइव फायरिंग ड्रिल के दौरान चीन निर्मित टाइप-59 टैंक के अंदर अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि टैंक में मौजूद दो सैनिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद सैन्य अधिकारियों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी को तत्काल एयरलिफ्ट कर ढाका स्थित संयुक्त सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बांग्लादेश सेना के अंतर-सेवा जनसंपर्क निदेशालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
टाइप-59 चीन में निर्मित पुराना टैंक मॉडल है। बांग्लादेश सेना ने इन टैंकों को उन्नत करते हुए टाइप-59जी ‘दुर्जॉय’ मानक में बदला था। सैन्य अभ्यास के दौरान हुए इस हादसे के बाद टैंक की तकनीकी स्थिति, रखरखाव व्यवस्था और लाइव फायरिंग के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


