– लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में कराया गया भर्ती, डॉक्टरों ने बताया डिहाइड्रेशन और गर्मी का असर
फर्रुखाबाद। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। गर्म हवाओं और तेज धूप के चलते चक्कर आने, बेहोशी और डिहाइड्रेशन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दवा लेने आई एक महिला अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ई-रिक्शा से सवार होकर लोहिया अस्पताल पहुंची थी। जैसे ही वह आपातकालीन कक्ष के बाहर उतरी, तेज गर्मी और उमस के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में हड़कंप मच गया।
महिला के गिरने की सूचना मिलते ही अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तत्काल महिला को उठाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। प्राथमिक जांच में महिला के शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) और अत्यधिक गर्मी का असर पाया गया।
चिकित्सकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते हीट स्ट्रोक, चक्कर और बेहोशी के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। डॉक्टरों ने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण रोजाना कई मरीज चक्कर आने और बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंच रहे हैं। लोहिया अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी से प्रभावित मरीजों के लिए डॉक्टरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।


