नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के बीच रविवार दोपहर सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। इमारत में हॉस्टल और पीजी संचालित होने के कारण बड़ी संख्या में छात्रों के मौजूद होने की बात सामने आई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं। मृतकों में एक छात्र, एक मजदूर और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। मलबे से नौ लोगों को बाहर निकाला जा चुका है और देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।
बेसमेंट में तीन दिन से चल रही थी खुदाई
चश्मदीदों के मुताबिक करीब 40-50 साल पुरानी इमारत के बेसमेंट में तीन दिन से खुदाई और निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक इमारत ढह गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कई छात्र अपने कमरों में थे। इमारत में 20-25 कमरे थे और हर कमरे में दो छात्र रहते थे। ऐसे में 50 से ज्यादा लोगों के अंदर होने का दावा किया गया है।
मलबे में फंसे युवक ने वीडियो बनाकर मांगी मदद
मलबे में फंसे एक युवक ने अंदर से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई। उसके दोस्त के मुताबिक वह बार-बार फोन कर बचाने की अपील कर रहा था। कई छात्रों के अब भी लापता होने की सूचना से परिजनों में चिंता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हथौड़े और हाथों से मलबा हटाकर लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की। संकरी गली के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आई। बाद में दमकल, एनडीआरएफ और आपदा बचाव दलों ने मोर्चा संभाला। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड और ऑक्सीजन सिलेंडर भी लाए गए। कई वाहन भी मलबे में दब गए।
नौ लोग निकाले गए, कई अस्पताल में भर्ती
अब तक नौ लोगों को मलबे से निकाला गया है। घायलों में छात्र अभिषेक, नीरज, आदित्य और एक अन्य तथा मजदूर असगर अली और अयान शामिल हैं। कई घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। एम्स में लाए गए लोगों में दो को मृत घोषित किया गया।
बगल की इमारत भी खतरनाक
मलबे के पास स्थित एक अन्य इमारत के भी गिरने की आशंका जताई गई। एहतियातन वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया गया। आसपास की कई इमारतों की जर्जर हालत ने भी चिंता बढ़ा दी।
मुख्यमंत्री और एलजी ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया और बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर जाकर घायलों का हाल जाना। दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू भी मौके पर पहुंचे।
मालिक के खिलाफ मुकदमा
इमारत के मालिक आनंद बंसल, जो गुरुग्राम में रहता है, के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बेसमेंट में चल रहे निर्माण और इमारत की मजबूती को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
तीन साल में दिल्ली में 1133 इमारतें गिरीं
वर्ष 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में इमारत गिरने की 1133 घटनाएं सामने आईं, जिनमें 98 लोगों की मौत हुई। वहीं 2015 से मार्च 2025 तक एमसीडी के 12 जोन में अवैध निर्माण के 76,465 मामले दर्ज हुए।
राहुल और केजरीवाल ने सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने हादसे को दर्दनाक बताते हुए छात्रों की सुरक्षित हॉस्टल व्यवस्था की जरूरत बताई। अरविंद केजरीवाल ने भी हादसे पर दुख जताते हुए सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना के बाद गोवा का कार्यक्रम रद्द कर दिया।


