41 C
Lucknow
Sunday, June 21, 2026

आंधी-तूफान में ढहा निर्माणाधीन ब्रिज, 6 मजदूरों की मौत

Must read

– कई के दबे होने की आशंका

हमीरपुर। जिले में शुक्रवार को आंधी-तूफान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लालपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल (ब्रिज) का पिलर टूटने से स्लैब भरभराकर गिर गया, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए। हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आंधी और खराब मौसम के बीच अचानक पुल का एक हिस्सा ढह गया। देखते ही देखते निर्माणाधीन स्लैब नीचे आ गिरा और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 3 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि मलबे में अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुल का निर्माण कानपुर की “द सेल्टर” कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सील कर राहत कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने के बाद ही फंसे मजदूरों की वास्तविक संख्या का पता चल सकेगा।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों के साथ हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article