– 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
लखनऊ। प्रदेश में कई जिलों में आंधी, अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली की घटनाओं से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को निर्धारित राहत राशि 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जनहानि, पशुहानि, फसल और संपत्ति को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कर विस्तृत आकलन तैयार करने को कहा गया है।
सीएम ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में हर पीड़ित परिवार तक सरकारी सहायता पहुंचनी चाहिए और किसी भी जरूरतमंद को मदद से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि वे पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याएं सुनें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही राहत वितरण और पुनर्वास कार्यों में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखते हुए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।


