फर्रुखाबाद। कंपिल क्षेत्र में गुरु वार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब कायमगंज रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक किनारे एक वृद्ध का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे कुछ राहगीरों ने रेलवे लाइन किनारे एक वृद्ध का शव पड़ा देखा। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था, जिससे अंदेशा जताया गया कि किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो वृद्ध की जेब से एक मोबाइल नंबर मिला। नंबर पर संपर्क करने के बाद मृतक की पहचान जनपद एटा के रिजोर थाना क्षेत्र स्थित गांव सेनाकला निवासी 60 वर्षीय सुमेर सिंह के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते हुए मौके के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि शव की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया।
जीआरपी पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


