32 C
Lucknow
Wednesday, May 27, 2026

गंगा स्नान के दौरान 27 वर्षीय युवक डूबा, एक घंटे बाद मिला शव

Must read

क्रासर
अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था युवक, परिजनों में मचा कोहराम
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ढाई घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान एक 27 वर्षीय युवक तेज बहाव में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। गोताखोरों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजन युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि जनपद कासगंज के नगला गोदे सिड पूरा धूमरी निवासी 27 वर्षीय अंकुश कुमार पुत्र इंद्रपाल सिंह बुधवार को अपने रिश्ते के नाना मेहरबान सिंह जाटव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ढाई घाट आया था। मेहरबान सिंह जाटव निवासी मोहल्ला गुलबाज नगर, कायमगंज का निधन हो गया था, जिनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाना था।
जानकारी के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी रिश्तेदार गंगा में स्नान करने लगे। अंकुश कुमार भी अन्य लोगों के साथ गंगा में उतरा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते युवक पानी में डूबने लगा। युवक को बहता देख घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी और युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक लगातार खोजबीन चलती रही। काफी मशक्कत के बाद गोताखोर युवक को गंभीर हालत में बाहर निकालने में सफल रहे। युवक के बाहर आते ही परिजन उसे लेकर तत्काल सीएचसी शमशाबाद पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. अलीम अंसारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अंकुश कुमार की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में पत्नी हेमा, पुत्र लकी और छोटा पुत्र डुग्गू, भाई नितिन, बहन करिश्मा, पिता इंद्रपाल सिंह और मां मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने फिलहाल पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ घर ले गए।
थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि मृतक के कुछ रिश्तेदार बाहर से आ रहे हैं, उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article