आगरा। अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स के खिलाफ नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाया। ग्वालियर रोड पर बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्ड और होर्डिंग्स को हटाते हुए नगर निगम टीम ने कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे कई अवैध विज्ञापन पट जब्त किए गए। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन होर्डिंग्स के लिए कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी, जिससे यातायात और शहर की सौंदर्य व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों से कुल 41,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला। अधिकारियों ने साफ कहा कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों पर विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान ग्वालियर रोड क्षेत्र में कुछ देर हलचल का माहौल बना रहा। टीम ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार बढ़ रहे अवैध होर्डिंग्स को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्ड हादसों का कारण भी बन चुके हैं। ऐसे में नगर निगम अब शहरभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध विज्ञापनों को हटाने की तैयारी में है।


