मिश्रपुर इलाके में सप्लाई ठप, JE और XEN पर फोन न उठाने के आरोप
लखनऊ। बिजली व्यवस्था को लेकर बड़े दावों के बीच जमीनी हकीकत सवाल खड़े कर रही है। मिश्रपुर इलाके में कल रात से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। भीषण गर्मी में पूरी रात लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे।
स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि इलाके में बिजली गुल होने के बाद कई बार विभागीय अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन जेई और XEN ने फोन तक नहीं उठाया। लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
मामला जीपीएरा पावर हाउस क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। यहां लंबे समय से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली न आने से घरों में पानी का संकट भी गहरा गया है, क्योंकि अधिकांश इलाकों में मोटर और पंप बिजली पर निर्भर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रातभर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गर्मी से बेहाल रहे। इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और कई घरों में पीने के पानी तक की किल्लत हो गई है। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रदेश सरकार लगातार बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे कर रही है, लेकिन राजधानी में ही घंटों की कटौती और अधिकारियों की गैरजिम्मेदारी अब विभागीय दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


