42 C
Lucknow
Saturday, May 23, 2026

ऑपरेशन से पहले महिला की मौत पर बवाल, अस्पताल सील करने पहुंचे सीएमओ को अधिवक्ताओं ने दौड़ाया

Must read

महिला मरीज की मौत पर परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप, किया हंगामा
फर्रुखाबाद। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पित्ताशय में पथरी की शिकायत लेकर भर्ती कराई गई एक महिला की ऑपरेशन से पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि अस्पताल सील करने पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अधिवक्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र निवासी श्वेता उर्फ वर्षा (पत्नी अश्वनी) को पित्ताशय में पथरी की शिकायत के चलते लकूला मसेनी रोड स्थित एसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल संचालक अनुज राजपूत द्वारा महिला को भर्ती कर लिया गया था। शनिवार को महिला का ऑपरेशन चिकित्सक संजीव कुमार मौर्य द्वारा किया जाना था, लेकिन जैसे ही उसे शल्य कक्ष में ले जाया गया, उसकी अचानक मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के ससुर सत्यपाल सहित अन्य परिजनों ने अस्पताल में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना कादरी गेट प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए अस्पताल को सील करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के इस निर्णय से अस्पताल संचालक और चिकित्सकों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने तत्काल अधिवक्ताओं को मौके पर बुला लिया। अधिवक्ता प्रेमपाल सिंह राजपूत, शैलेंद्र सिंह राजपूत, मनोज राजपूत, अरविंद जदुनाथ सिंह सहित कई लोग अस्पताल पहुंच गए और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्णय का विरोध करने लगे।
विवाद उस समय और बढ़ गया जब अधिवक्ताओं और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और आक्रोशित अधिवक्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख उन्हें वहां से निकलना पड़ा। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने उनके वाहन का भी घेराव किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह हालात संभालते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। वहीं, मृतका के परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article