वाराणसी के अस्सी घाट पर गंगा नदी में एक युवक द्वारा बीयर पीने और खाली कैन को नदी किनारे फेंकने का वीडियो सामने आने के बाद हंगामा मच गया है। यह घटना उस समय की बताई जा रही है जब घाट पर कुछ लोग स्नान कर रहे थे और वातावरण में धार्मिक गतिविधियाँ चल रही थीं। वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया।
जानकारी के अनुसार, युवक सुबह करीब 5 बजे गंगा में स्नान कर रहा था, इसी दौरान उसके हाथ में बीयर की कैन थी और वह वहीं पर बीयर पीता नजर आया। आरोप है कि बाद में उसने कैन को मोड़कर गंगा तट पर फेंक दिया। इस पूरी घटना को किसी ने कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में नाराजगी फैल गई।
वीडियो सामने आने के बाद एक वकील शशांक शेखर त्रिपाठी ने आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि यह कृत्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और इससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में टीम गठित की गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
मामले को लेकर धार्मिक संगठनों और स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है, वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


