लखनऊ। राजधानी में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी का बड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चिनहट क्षेत्र के ग्राम जुग्गौर में करीब 25 बीघा जमीन पर चल रही तीन अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला दिया गया।
एलडीए की टीम ने कार्रवाई करते हुए हसनेन खान प्रॉपर्टीज, विजय यादव और प्रदीप से जुड़े अवैध प्लाटिंग कार्यों को ध्वस्त कर दिया। बताया गया कि बिना अनुमति और नियमों की अनदेखी कर जमीन का अवैध विकास किया जा रहा था।
इसके अलावा सैरपुर इलाके में भी एलडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य बिना मानचित्र स्वीकृति के कराया जा रहा था।
अल्लूनगर डिगुरिया, मथुरा विहार और रैथा रोड क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान रामेश्वर यादव, अजय गुप्ता, मो. आकिब समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एलडीए प्रशासन ने साफ किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विरुद्ध किए जा रहे निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
एलडीए का बड़ा बुलडोजर एक्शन! 25 बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, कई निर्माण सील


