लखनऊ। राजधानी में विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी वेलनेस सिटी परियोजना को अब ग्रीन कॉरिडोर कनेक्टिविटी के जरिए नई रफ्तार मिलने जा रही है। लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की।
योजना के तहत वेलनेस सिटी को चार प्रमुख मार्गों से ग्रीन कॉरिडोर के जरिए जोड़ा जाएगा, जिससे आवागमन तेज और सुगम हो सके। अधिकारियों के मुताबिक यह परियोजना भविष्य की आधुनिक हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
करीब 485 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली यह योजना ‘मेडी सिटी’ के रूप में तैयार होगी, जहां स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिकल संस्थान, रिसर्च सेंटर और आधुनिक सुविधाएं एकीकृत रूप में विकसित की जाएंगी। माना जा रहा है कि यह परियोजना लखनऊ को देश के बड़े हेल्थ हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।
निरीक्षण के दौरान एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और कनेक्टिविटी व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। परियोजना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिखाई जा रही है।


