बांदा जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गैस सिलिंडर लदे ट्रक से जा भिड़ी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और आजमगढ़ के रामगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। परिवार किसी काम से कबरई जा रहा था। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व राहत टीम को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अमित आसेरी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत हुए इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई है। प्रशासन द्वारा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्कॉर्पियो में एक पुरुष और चार महिलाएं सवार थीं। तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रथम दृष्टया जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो पीछे से डीसीएम ट्रक में जा घुसी, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।


