फर्रुखाबाद
रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोहल्ला हाथीखाना निवासी महिला निकहत परवीन उर्फ शाहिदा बेगम ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पति और ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसका पति उस पर अपने ही भाई के साथ पत्नी बनकर रहने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसे तीन तलाक की धमकी दी जाती थी।
महिला ने बताया कि वर्ष 2015 में उसकी शादी मोहम्मद शकील शाह निवासी बीबीगंज थाना मऊदरवाजा के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद उसके चार बच्चे हुए। आरोप है कि 10 मई 2026 की शाम पति समेत सदीक, सफीक और शोएब ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, बच्चों को अपने कब्जे में रखा और उसे घर से धक्के देकर निकाल दिया।
पीड़िता के अनुसार ससुराल पक्ष ने साफ कह दिया कि अगर वह पति के भाई के साथ पत्नी की तरह नहीं रहेगी तो उसे तीन तलाक देकर दूसरी शादी कर ली जाएगी। मामले से आहत महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


