37 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

प्रतीक यादव के निधन के बाद थमी सियासी तल्खी

Must read

– बीजेपी महिला मोर्चा ने स्थगित किया विरोध कार्यक्रम

लखनऊ। प्रतीक यादव के निधन के बाद प्रदेश की राजनीति में अचानक संवेदनशील माहौल बन गया है। इसी के चलते भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित अपना विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा का यह कार्यक्रम विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित किया जाना था, जिसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। लेकिन प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आने के बाद पार्टी नेतृत्व ने राजनीतिक गतिविधियों को सीमित रखने और शोक संवेदना व्यक्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला सिर्फ औपचारिकता नहीं बल्कि राजनीतिक संवेदनशीलता का संकेत भी है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में यादव परिवार का बड़ा प्रभाव रहा है और मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक कद दलगत सीमाओं से ऊपर माना जाता रहा है। ऐसे में प्रतीक यादव के निधन के बाद विरोध और आक्रामक राजनीतिक कार्यक्रमों को टालना राजनीतिक मर्यादा के तौर पर देखा जा रहा है।
उधर लखनऊ में किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और यादव परिवार के आवास के आसपास लगातार नेताओं और समर्थकों की आवाजाही बनी हुई है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है, वहीं अन्य दलों के नेता भी संवेदना प्रकट करने पहुंच रहे हैं।
प्रतीक यादव की मौत के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर लगातार जारी है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई राजनीतिक नेताओं ने इसे यादव परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
फिलहाल भाजपा महिला मोर्चा की ओर से नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आगामी रणनीति बाद में तय की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article