लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बुधवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। समाजवादी आंदोलन के पुरोधा रहे मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का अचानक निधन हो गया। वह मात्र 38 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार, समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतीक यादव भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक ने हमेशा खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा और कारोबारी तथा सामाजिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई। प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद उन्होंने कभी राजनीतिक मंचों पर सक्रिय भूमिका नहीं निभाई। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी और बाद में रियल एस्टेट कारोबार में कदम रखा। इसके साथ ही फिटनेस इंडस्ट्री में भी उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई। लखनऊ में वह “द फिटनेस प्लानेट” नाम से जिम संचालित करते थे और फिटनेस को लेकर युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय थे।
प्रतीक यादव को पशु प्रेमी के तौर पर भी जाना जाता था। उन्होंने “जीव आश्रय” नाम से संस्था बनाई थी, जो घायल और आवारा कुत्तों के इलाज, भोजन और रेस्क्यू का काम करती थी। पशुओं के प्रति उनके लगाव और सेवा भावना की अक्सर सराहना होती थी। सामाजिक कार्यों और सरल स्वभाव के कारण वह परिवार और मित्रों के बीच काफी सम्मानित थे।
कुछ समय पहले प्रतीक यादव निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में आए थे। पत्नी अपर्णा यादव के साथ विवाद की खबरों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ भावुक पोस्ट साझा किए थे, जिनमें उन्होंने अपने दर्द और मानसिक स्थिति का जिक्र किया था। हालांकि बाद में उन्होंने सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट किया था कि परिवार में सब कुछ सामान्य हो गया है और रिश्तों में आई दूरियां समाप्त हो चुकी हैं। इसके बाद दोनों को कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ देखा गया था।
प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही सैफई से लेकर लखनऊ तक समर्थकों और शुभचिंतकों का पहुंचना शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी और भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। परिवार की ओर से अभी निधन के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस असामयिक निधन ने पूरे यादव परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत ने एक शांत, फिटनेस प्रेमी और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है।


