लखनऊ
मध्यम और अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण अब किफायती दरों पर नए आवास उपलब्ध कराने जा रहा है। सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर एक नई ग्रुप हाउसिंग योजना विकसित की जाएगी, जिसमें कुल 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के भवन बनाए जाएंगे। इन मकानों की कीमत 15 लाख से 35 लाख रुपये के बीच रखी जाएगी, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को राजधानी में अपना घर खरीदने का अवसर मिल सकेगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि करीब 16 हजार वर्गमीटर जमीन पर यह आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना और ले-आउट तैयार कर लिया गया है। योजना के तहत 582 एलआईजी और 336 ईडब्ल्यूएस भवन बनाए जाएंगे। प्राधिकरण अगले छह महीनों के भीतर इस योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा।
परियोजना में बनाए जाने वाले टू-बीएचके एलआईजी फ्लैट का क्षेत्रफल लगभग 50 वर्गमीटर होगा और उनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये तय की गई है। वहीं, वन-बीएचके ईडब्ल्यूएस फ्लैट लगभग 38 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये रखी गई है। प्राधिकरण का दावा है कि यह योजना उन परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी जो लंबे समय से कम बजट में अपने घर का सपना देख रहे हैं।
आवासीय परियोजना को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की भी योजना बनाई गई है। सभी टावर आपस में जुड़े होंगे ताकि लोगों को आवागमन में आसानी हो सके। अपार्टमेंट परिसर में आठ पैसेंजर लिफ्ट और तीन सर्विस लिफ्ट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 600 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बच्चों और बुजुर्गों के लिए करीब तीन हजार वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन एरिया भी विकसित किया जाएगा।


