बंगाल एसटीएफ की कार्रवाई से मचा हड़कंप, आज कोलकाता कोर्ट में पेश होंगे आरोपी
लखनऊ /कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बंगाल एसटीएफ ने तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के बलिया का बताया जा रहा है, जबकि दो अन्य आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किया गया आरोपी राज सिंह बलिया जिले का शार्प शूटर बताया जा रहा है, जिस पर कई राज्यों में आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है। बंगाल एसटीएफ ने लंबी निगरानी और तकनीकी जांच के बाद तीनों आरोपियों को दबोचा।
जांच एजेंसियों के मुताबिक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड को पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया था, जिसके बाद से एसटीएफ लगातार शूटरों की तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद अब मामले में कई और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि पूछताछ में शूटरों से हत्या की साजिश, फंडिंग और संपर्क सूत्रों को लेकर गहन जानकारी जुटाई जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के पीछे केवल आपराधिक नेटवर्क था या इसके तार किसी बड़े राजनीतिक अथवा संगठित गिरोह से जुड़े हैं।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आज कोलकाता की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एसटीएफ उनकी रिमांड मांग सकती है। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
इस गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। क्योंकि मामला सीधे पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े एक बड़े चेहरे के करीबी की हत्या से जुड़ा है। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।


