फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पत्नी को वापस घर लाने ससुराल पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि मृतक पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव हकीमपुर निवासी 28 वर्षीय रजनेश कुमार पुत्र स्वर्गीय लाखन सिंह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब दो वर्ष पूर्व उनकी शादी फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव उगरपुर सुल्तान पट्टी निवासी युवती के साथ हुई थी। दंपति की डेढ़ वर्षीय एक पुत्री भी है। परिवार में मां ज्ञान देवी, बड़े भाई दुर्वेश कुमार तथा छोटा भाई अभिषेक कुमार मौजूद हैं।
बताया गया कि बीते दिनों रजनेश की पत्नी अपनी पुत्री को लेकर मायके चली गई थी। पत्नी और बेटी को वापस घर लाने के उद्देश्य से रजनेश 8 मई को ससुराल पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार देर रात अचानक सूचना मिली कि रजनेश की हालत गंभीर हो गई है। खबर मिलते ही परिवार के लोग तत्काल ससुराल पहुंचे, जहां रजनेश मृत अवस्था में पड़े मिले। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। उन्होंने मामले में ससुराल पक्ष की भूमिका की जांच कराए जाने की मांग उठाई है। वहीं मृतक की पत्नी का कहना है कि रजनेश शराब के नशे में ससुराल आए थे और संभवतः उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे युवक की रहस्यमयी मौत, परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका


