32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

महाराणा प्रताप जयंती पर फर्रुखाबाद में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

Must read

– रोडवेज बस स्टेशन पर अश्वरोही प्रतिमा का होगा अनावरण
– अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा करेगी भव्य स्वागत
– बोले राघवेंद्र सिंह ये जिले के लिए गौरव की बात
फर्रुखाबाद। 9 मई को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर फर्रुखाबाद में बड़ा शक्ति प्रदर्शन और राष्ट्रवादी एकता कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। रोडवेज बस स्टेशन परिसर में स्थापित अश्वरोही राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है।
कार्यक्रम संयोजक राघवेंद्र सिंह राजू ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का फर्रुखाबाद आगमन प्रस्तावित है। इसके अलावा सांसद, विधायक, विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा क्षत्रिय समाज के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय दिग्गज नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।
राघवेंद्र सिंह राजू ने इसे “फर्रुखाबाद के लिए गौरव का पल” बताते हुए कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक जाति नहीं बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान, शौर्य और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी लोग जुटेंगे और “राष्ट्र प्रथम” का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह तथा महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपा शंकर सिंह ने अग्रिम शुभकामनाएं भेजी हैं।
इस दौरान राघवेंद्र सिंह राजू ने राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर तीखे बयान भी दिए। उन्होंने कहा कि “जातीय राजनीति, क्षेत्रवाद और अवसरवाद को जनता नकार रही है” और पश्चिम बंगाल व असम चुनावों का हवाला देते हुए “हिंदी, हिंदुत्व और सनातन विचार” की जीत का दावा किया। उन्होंने समाज में बढ़ती जातीय विभाजन की राजनीति पर चिंता जताते हुए हिंदू समाज की एकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम से जुड़े वक्ता सुखबीर सिंह भदौरिया ने कानून व्यवस्था और सामाजिक नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में “न कानून का डर बचा है और न शासन का भय”। उन्होंने पिछड़े और दलित वर्गों से अपील की कि वे “नाम पर राजनीति करने वालों से सावधान रहें” और महाराणा प्रताप जयंती को “ऐतिहासिक राष्ट्र एकता संकल्प दिवस” के रूप में मनाएं।
फर्रुखाबाद में प्रस्तावित यह कार्यक्रम अब केवल धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं बल्कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। रोडवेज बस स्टेशन पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना को लेकर क्षत्रिय संगठनों और राष्ट्रवादी समूहों में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। प्रशासनिक स्तर पर भी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article