अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी और सासनीगेट पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए एक चोर और चोरी का माल खरीदने वाले दो सराफा कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 3 मई को हुई लगातार चोरी की घटनाओं के बाद की गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था।
पुलिस के अनुसार, बन्नादेवी और सासनीगेट क्षेत्र में घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी किए जा रहे थे। लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और जांच शुरू की। इस दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फैजान कुरैशी निवासी बुर्ज कॉलोनी, खुर्जा नगर (बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी चांद और आदिल के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इसके बाद चोरी का माल खुर्जा के सराफा कारोबारियों को बेचा जाता था।
फैजान की निशानदेही पर पुलिस ने सराफा कारोबारी अनस और शाकिर को भी गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी खुर्जा के मोहल्ला बारादरी के रहने वाले हैं और सुभाष रोड स्थित नूर ज्वैलर्स से पकड़े गए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे लालच में आकर चोरी के आभूषण खरीदते थे और उन्हें गलाकर बेच देते थे या सोने की सिल्ली के रूप में रख लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33.24 ग्राम सोने की सिल्ली भी बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।


