– कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने खुद संभाली कमान
नोएडा। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस से ठीक पहले नोएडा पुलिस ने शहर को हाई अलर्ट मोड में डाल दिया है। संभावित विरोध-प्रदर्शनों और औद्योगिक क्षेत्रों में तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत बिना अनुमति किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस या भीड़ जुटाने पर सख्त रोक रहेगी।
यह सख्त कदम लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर उठाया गया है। कमिश्नर ने हालात की गंभीरता को देखते हुए खुद फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया कि किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
हर चौराहे पर निगरानी, औद्योगिक इलाकों में पुलिस का घेरा
नोएडा के औद्योगिक सेक्टरों, फैक्ट्री एरिया और प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चेकिंग अभियान तेज किया गया है, वहीं बैरिकेडिंग और पेट्रोलिंग को भी बढ़ा दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर रही हैं।
प्रशासन की सख्ती के पीछे सबसे बड़ा कारण 13 अप्रैल को नोएडा में हुई श्रमिक हिंसा की घटना है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। उस घटना के बाद से ही पुलिस ने अपनी रणनीति बदलते हुए किसी भी संभावित विरोध को पहले ही नियंत्रित करने का फैसला लिया है।
एक तरफ श्रमिक संगठनों की मांगें और संभावित प्रदर्शन हैं, तो दूसरी तरफ प्रशासन के सामने शांति बनाए रखने की चुनौती। पुलिस का फोकस इस बार साफ है विरोध हो, लेकिन अराजकता नहीं।
नोएडा में श्रमिक दिवस पर ‘हाई अलर्ट’: धारा 163 लागू, औद्योगिक बेल्ट में कड़ा पहरा


