हरदोई के मल्लावां में पहुंचे आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की विपक्ष की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब भी भारत निर्वाचन आयोग निष्पक्ष चुनाव कराता है, तो विपक्षी दलों को परेशानी होती है।
मंत्री ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि पहले कुछ राज्यों में फर्जी वोटिंग की शिकायतें मिलती थीं, लेकिन अब आयोग की सख्ती से स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव अधिक निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं और वहां राजनीतिक बदलाव की संभावना बन रही है।
प्रियंका गांधी के महिला अपराधों से जुड़े ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए नितिन अग्रवाल ने कांग्रेस पर गंभीर राजनीति न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से जनता ने कांग्रेस को सत्ता से दूर रखा है, क्योंकि पार्टी परिवारवाद और व्यक्तिगत हितों की राजनीति में उलझी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार जनहित के कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के मुद्दे पर उन्होंने इसे “विश्वास का विषय” बताया। उनके अनुसार जब किसी दल में भरोसा खत्म हो जाता है तो नेता नए विकल्प चुनते हैं, और मौजूदा समय में भाजपा सबसे मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभर रही है।


