31 C
Lucknow
Wednesday, August 19, 2026

रामनगर में पुरानी रंजिश में चौकीदार की पीटकर हत्या

Must read

ड्यूटी से घर लौटते समय दबंगों ने घेरा, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत — पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा
, बाराबंकी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र के भरसवां गांव में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने थाना रामनगर में तैनात चौकीदार राजेश यादव (45) को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, राजेश यादव सोमवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। गांव के पास सहजराम मौर्य की पिपरमेंट टंकी के निकट आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शुभम, बाबू, श्रवण, कुलदीप और राम कैलाश ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में राजेश के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण रामलखन और शिवपाल घायल राजेश को रामनगर थाने ले गए। वहां से उन्हें सीएचसी रामनगर भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को मृतक के बेटे रामू यादव की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर अरुण प्रताप सिंह को सौंपी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article