31 C
Lucknow
Wednesday, August 19, 2026

पेट्रोल पंप की कोठरी में सेल्समैन का शव फंदे से लटका मिला, इलाके में मचा हड़कंप

Must read

 

चार दिन पहले चाचा के साथ आया था युवक, सुसाइड नोट मिलने की चर्चा को पुलिस ने नकारा

अमृतपुर

थाना क्षेत्र के किराचन गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करने वाले युवक का शव परिसर में बनी कोठरी में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के जगतपुर निवासी भूपेंद्र पुत्र आदेश अपने चाचा जगबीर के पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह करीब चार दिन पहले ही चाचा के साथ पेट्रोल पंप पर आया था। मंगलवार रात उसका साथी कप्तान किसी काम से बाहर चला गया। इसी दौरान भूपेंद्र कमरे में चला गया और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर लोगों को शक हुआ। कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला।घटना के बाद ग्रामीणों में युवक के पास सुसाइड नोट मिलने की चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने सुसाइड नोट मिलने की बात को स्पष्ट रूप से नकार दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से पंखे से बंधी प्लास्टिक की रस्सी और मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए।
उपनिरीक्षक कल्लू सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
भूपेंद्र तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां पुष्पा, भाई कार्तिक और बहन नंदिनी समेत परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article