हमीरपुर
राठ क्षेत्र में उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में एक विवाहित छात्रा ने शानदार सफलता हासिल कर सबको प्रेरित किया है। स्वामी ब्रह्मानंद संस्कृत विद्यालय की छात्रा करिश्मा ने 73.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
करिश्मा हरसूण्डी गांव की निवासी हैं। उनके पति सुनील राजपूत राठ में जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं और उनका चार वर्षीय पुत्र अरुल राजपूत भी है। पारिवारिक जिम्मेदारियों और बच्चे की परवरिश के बीच पढ़ाई जारी रखना आसान नहीं था, लेकिन करिश्मा ने अपने हौसले और लगन से यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने संस्कृत जैसे विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
अपनी सफलता का श्रेय करिश्मा ने अपने गुरुजनों और ससुराल पक्ष को दिया है, जिनके सहयोग से वह पढ़ाई जारी रख सकीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार ने उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि करिश्मा की सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी, खासकर उन महिलाओं के लिए जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं।


