हरदोई
मझिला थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची को गोली लगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज घटना में शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह वारदात प्रेम प्रसंग और परीक्षा परिणाम से जुड़ी नाराजगी के चलते अंजाम दी गई थी।
घटना शुक्रवार की है, जब लोकपुर गांव के पास एक ई-रिक्शा पर सवार परिवार पर बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली 10 वर्षीय आयुषी को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले पिहानी सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बृजेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कुम्हरुआ पुल के पास से एक आरोपी अंशुल को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी की वैष्णवी नाम की लड़की से बातचीत होती थी, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसी बीच हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में भी आरोपी को 62 प्रतिशत और वैष्णवी को 84 प्रतिशत अंक मिले, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गया। बताया गया कि इसी नाराजगी में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वैष्णवी को निशाना बनाने की योजना बनाई, लेकिन फायरिंग में गलती से उसकी छोटी बहन आयुषी को गोली लग गई।
सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से एक तमंचा बरामद किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


