31 C
Lucknow
Wednesday, August 19, 2026

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, गोली लगने से घायल व्यक्ति की मौत

Must read

बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के रेवतीपुरवा गांव में मंगलवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में 45 वर्षीय हंसराज वर्मा उर्फ पुताई की मौत हो गई। मारपीट के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हंसराज का लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हंसराज का दूसरे पक्ष से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित जमीन का मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। मंगलवार को जानवरों के लिए नांद रखने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग में हंसराज को गोली लग गई।

परिजन उन्हें पहले सीएचसी सिद्धौर ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल और फिर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने मनोज यादव पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस फायरिंग और अन्य आरोपों की जांच साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने समझाकर स्थिति शांत कराई। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article