फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में आम की अवैध लकड़ी से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। इस दौरान आरोपियों ने वन दरोगा और उनकी टीम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी और वर्दी तक फाड़ डाली। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि दो ट्रैक्टर-ट्रॉली आम की अवैध लकड़ी लेकर शमशाबाद की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने एक ट्रैक्टर का पीछा किया, जो शमशाबाद-सिकंदरपुर मार्ग स्थित एक आरा मशीन परिसर में घुस गया।
वन विभाग और पुलिस टीम ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि वह आम की अवैध कटान की लकड़ी लेकर आया था और उसे आरा मशीन पर उतारकर वापस जाने की तैयारी में था। इसी दौरान टीम ने लकड़ी को दोबारा ट्रॉली में भरवाना शुरू किया।
तभी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली भी मौके पर पहुंच गई, जिसमें आम की लकड़ी लदी हुई थी। इसे वसीम पुत्र सलीम निवासी रायपुर चला रहा था। उसके साथ बाइक पर जफर पुत्र फाजिल निवासी रायपुर कायमगंज और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था। कार्रवाई के दौरान वसीम मौका पाकर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
जब टीम ने जफर से पूछताछ करनी चाही, तो वह आक्रामक हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वन दरोगा के हमराह लोकेश के साथ हाथापाई की और वर्दी फाड़ दी। इसके बाद वह धक्का देकर मौके से मक्के के खेतों की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल थाना शमशाबाद पुलिस को दी गई। पुलिस बल के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया।
वन विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
अवैध आम की लकड़ी पकड़ी गई, वन दरोगा से मारपीट, चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज


