40 C
Lucknow
Saturday, April 18, 2026

झूठा निकला लूट का मामला, सर्राफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में एक सर्राफा व्यापारी द्वारा दर्ज कराई गई लूट की घटना पुलिस जांच में पूरी तरह से झूठी साबित हुई है। मामले की गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सर्राफ के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस खुलासे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस की सतर्कता की भी चर्चा हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के महादेव प्रसाद स्ट्रीट, पुरानी बड़ी सब्जी मंडी के पास रहने वाले सर्राफा व्यवसायी श्याम जी वर्मा ने कुछ दिन पूर्व पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि जब उनका भाई चिलसरा रोड स्थित दुकान से नगर की ओर लौट रहा था, तभी एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और करीब 20 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर ई-चालान प्रणाली से वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई, जिसमें वाहन ग्वालियर निवासी पूनम सोनी पत्नी दिलीप सोनी के नाम पंजीकृत पाया गया।
पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर दिलीप सोनी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि श्याम जी वर्मा उनका साला है और दोनों के बीच व्यापारिक विवाद चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि श्याम जी वर्मा ने पहले से ही उनकी पत्नी के नाम से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा है। घटना वाले दिन वह अपने बेटे कृष्णा और भाई के साथ ग्वालियर से फर्रुखाबाद कोर्ट में तारीख पर आया था। इसके बाद वह रिश्तेदारी में अमलिया आशानंद गया और वहां से चिलसरा रोड होते हुए वापस लौट रहा था।
दिलीप सोनी के अनुसार, रास्ते में श्याम जी वर्मा ने उसे देख लिया और पूर्व रंजिश के चलते एक सोची-समझी साजिश के तहत स्कूटी से उसका पीछा करते हुए झूठा लूट का आरोप लगा दिया।
मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने सभी तथ्यों और बयानों की पुष्टि की। जांच में दिलीप सोनी के आरोप सही पाए गए और लूट की घटना पूरी तरह मनगढ़ंत निकली।
इसके बाद उपनिरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने श्याम जी वर्मा के खिलाफ झूठी सूचना देने और साजिश रचने के आरोप में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को गुमराह करने और झूठी घटनाएं गढ़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर सच को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article