उन्नाव जिले के बिहार-बक्सर मार्ग पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के कीरतपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गए।
हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग मौरावां थाना क्षेत्र के पठई गांव के निवासी थे। वे बिहार के बक्सर स्थित चंडिका देवी मंदिर में एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और डंपर भी नियंत्रण खोकर उसी खंती में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद पठई गांव में मातम पसर गया है। जिस घर में मुंडन संस्कार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब शोक और सन्नाटा छा गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


