27 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

मिट्टी का टीला ढहने से 3 की मौत, 2 गंभीर; 12 घंटे में मिली आर्थिक सहायता

Must read

 

कौशांबी जिले के मंझनपुर तहसील क्षेत्र के चकथांबा गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब तालाब से मिट्टी निकालने के दौरान अचानक टीला ढह गया। इस घटना में पांच लोग मलबे में दब गए, जिनमें से मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, तालाब में खुदाई का कार्य चल रहा था, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

इस दर्दनाक घटना में उत्तरा देवी, गीता देवी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अंकिता की जान चली गई। गीता और अंकिता मां-बेटी थीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत और जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने घायलों का हाल जाना और आवश्यक निर्देश दिए।

हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर दी। दैवीय आपदा राहत कोष के तहत तीनों मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में 4-4 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई, जिससे कुल 12 लाख रुपये की सहायता दी गई।

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन हर संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाएगा, क्योंकि जिले में इस तरह के हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article