फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रिफिलिंग का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। शिकायत मिलने के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने पुलिस के साथ एक मकान और उससे जुड़ी दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से नौ घरेलू गैस सिलेंडर और एक रिफिलर बरामद किया गया। बरामद सिलेंडरों में पांच भरे और चार खाली बताए गए हैं।
5 अगस्त की रात करीब नौ बजे पूर्ति विभाग की टीम ने मोहल्ला स्थित मकान में छापा मारा। जांच के दौरान मकान के भीतर चार घरेलू गैस सिलेंडर मिले, जिनमें तीन भरे और एक खाली था। इसके अलावा मकान के मुख्य दरवाजे के दाहिनी ओर स्थित दुकान के अंदर पांच घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें दो भरे और तीन खाली सिलेंडर थे। दुकान के अंदर से गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला एक रिफिलर भी बरामद हुआ।
छापेमारी के दौरान अरविंद कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना तथा दुकान मालिक राजेन्द्र कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना मौके पर मौजूद मिले। टीम ने जब बरामद सिलेंडरों के संबंध में जानकारी और अभिलेख मांगे तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका। मौके पर गैस सिलेंडरों के भंडारण अथवा खरीद-बिक्री से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले। इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से जरूरी अग्निशमन उपकरण भी मौके पर मौजूद नहीं था।
जांच के दौरान प्रथम दृष्टया घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण, रिफिलिंग तथा खरीद-बिक्री किए जाने की बात सामने आई। विभाग ने बरामद पांच भरे और चार खाली सिलेंडरों के साथ रिफिलर को सुरक्षित अभिरक्षा में गैस गोदाम भिजवा दिया।
पूर्ति विभाग की कार्रवाई के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम और एलपीजी के प्रदाय एवं वितरण से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई शुरू की गई। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद पूर्ति निरीक्षक की ओर से कोतवाली फतेहगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घरेलू गैस सिलेंडरों के इस तरह अवैध भंडारण और रिफिलिंग से बड़ी दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में विभाग की कार्रवाई को सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद अवैध तरीके से घरेलू गैस सिलेंडरों के कारोबार में लगे लोगों में खलबली मची हुई है।


