लखनऊ। राजधानी के अलीगंज अग्निकांड में गंभीर रूप से घायल हुए 3D आर्टिस्ट जयंत गुप्ता को सफल उपचार के बाद किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जयंत गुप्ता आग से घिरी इमारत से अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूद गए थे। इस दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी में कई गंभीर फ्रैक्चर हो गए थे और उन्हें गंभीर अवस्था में केजीएमयू में भर्ती कराया गया था।
केजीएमयू की मल्टीडिसिप्लिनरी विशेषज्ञ टीम ने समन्वित प्रयासों से उनका उपचार किया। न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, ट्रॉमा, एनेस्थीसिया, फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने मिलकर उनका इलाज किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनका निःशुल्क उपचार कराया।
लंबे इलाज और चिकित्सकीय देखरेख के बाद जयंत गुप्ता के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। केजीएमयू की इस सफलता को गंभीर मरीजों के समन्वित एवं उच्चस्तरीय उपचार का एक उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।


