कौशांबी जिले के मंझनपुर तहसील क्षेत्र के चकथांबा गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। तालाब से मिट्टी निकालने के दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, तालाब से मिट्टी निकालने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक टीला भरभराकर गिर पड़ा और पांच लोग उसमें दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान उत्तरा देवी, गीता देवी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अंकिता के रूप में हुई है। गीता और अंकिता मां-बेटी थीं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना में अपने परिवार को खोने वाले लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक गीता देवी की बेटी शिवानी ने बताया कि इस हादसे में उनकी मां और छोटी बहन की जान चली गई, जबकि उनका भाई अमित घायल है। वहीं उत्तरा देवी के बेटे धीरेंद्र ने बताया कि उनकी मां मजदूरी के दौरान इस हादसे का शिकार हुईं।
इस दुखद घटना पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज व सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


