फर्रुखाबाद। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ठण्डी सड़क परिसर में सोमवार को आयोजित शिशिक्षु (अप्रेंटिसशिप) रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। मेले में भले ही अभ्यर्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
रोजगार मेले में कुल 3 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनके सापेक्ष लगभग 150 रिक्तियां निर्धारित थीं। इसके मुकाबले 23 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता और कौशल का आकलन किया।
चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 11 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चुना गया। इनमें डिक्सन इलेक्ट्रो अप्लाइन्स प्राइवेट लिमिटेड, गौतमबुद्ध नगर द्वारा 5 अप्रेंटिसशिप ट्रेनी तथा अम्बर इंटरप्राइजेज, नोएडा द्वारा 6 जॉब ट्रेनी के रूप में चयन किया गया। वहीं पैन हेल्थ, गुजरात द्वारा इस बार किसी भी अभ्यर्थी का चयन नहीं किया गया।
संस्थान परिसर में आयोजित इस मेले के सफल संचालन में कार्यदेशक बृजेश कुमार, प्लेसमेंट प्रभारी सुनील कुमार, अप्रेंटिस प्रभारी रंजीत कुमार सुमन, विजेन्द्र सिंह भास्कर, राजकिशोर महतो सहित समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में अवसर दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के जरिए अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


