23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

प्रयागराज में महा-योजना: 25 हजार के बाद अब 3 लाख घरों तक पहुंचेगी PNG, हर वार्ड में बिछेगा पाइपलाइन का जाल

Must read

प्रयागराज: प्रयागराज (Prayagraj) में पीएनजी (PNG) का नेटवर्क और विस्तार करने की तैयारी है। नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों की गली-मोहल्लों तक पाइपलाइन पहुंचाकर करीब तीन लाख घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस (Piped Natural Gas) का कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इंडियन ऑयल-अडानी गैस की ओर से इसके लिए चरणबद्ध विस्तार की योजना तैयार की जा रही है।

जिले में अब तक करीब 800 किलोमीटर पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसमें लगभग 600 किलोमीटर पाइपलाइन शहरी क्षेत्र में और 200 किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र में है। अगले दो वर्षों में 200 से 250 किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने की तैयारी है। चालू वित्तीय वर्ष में करीब 130 किलोमीटर लाइन बिछाने का लक्ष्य है, जबकि इसके बाद 120 किलोमीटर और पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा।

नैनी क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है। प्रयागराज में फिलहाल करीब 25 हजार उपभोक्ता पीएनजी का इस्तेमाल कर रहे हैं। करीब आठ हजार लोगों की कनेक्शन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन उनके घरों में अभी आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। इन उपभोक्ताओं को जल्द पीएनजी उपलब्ध कराने की तैयारी है।

नए कनेक्शन के लिए हर दिन औसतन 30 से 40 लोग संपर्क कर रहे हैं। इसके अलावा 25 रेस्टोरेंट और होटल संचालकों ने भी पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। योजना के तहत सभी वार्डों में पाइपलाइन पहुंचने के बाद चरणबद्ध तरीके से घरों को कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे लोगों की एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। जिला आपूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

शहर में 14.79 लाख से अधिक एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 7.20 लाख उपभोक्ता हर महीने गैस रिफिल कराते हैं। सिलेंडर की आपूर्ति के लिए कुल 144 गैस एजेंसियां हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 81 एजेंसियां हैं, जबकि भारत पेट्रोलियम की 35 और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की 28 एजेंसियां हैं।

इंडियन ऑयल-अडानी गैस के एसोसिएट मैनेजर पंकज कुमार के अनुसार, शहर के हर क्षेत्र में पीएनजी की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले फेज में 800 किलोमीटर तक पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और दूसरे फेज के लिए भी विस्तार की योजना तैयार की गई है। लक्ष्य है कि लोगों को हर गली-मोहल्ले में पीएनजी की सुविधा आसानी से मिल सके।

 

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article