33 C
Lucknow
Thursday, August 20, 2026

30 लाख की लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 24 लाख रुपये बरामद

Must read

फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई करीब 30 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी छह लाख रुपये लेकर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को वृंदावन, मथुरा निवासी नवीन कुमार अग्रवाल ने मोहम्मदाबाद कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाश उनकी फर्म के कर्मचारियों से रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एसओजी तथा सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शिवकुमार, विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया, तीनों निवासी ग्राम कल्हौर पछाह, थाना घिरोर, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कुल 24 लाख रुपये बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवकुमार जीबीए स्टील लिमिटेड, शिकोहाबाद में चालक के रूप में काम करता था और फर्म के मुनीम संदीप गौतम के साथ रुपयों के लेनदेन के लिए जाता था। उसे पहले से जानकारी थी कि 18 अगस्त को संदीप फर्रुखाबाद से रुपये लेकर जाने वाला है।
पुलिस का दावा है कि इसी जानकारी के आधार पर शिवकुमार ने अपने भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू तथा साथियों विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। योजना के तहत बेवर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास सुनसान स्थान पर शिवकुमार ने हार्न चेक करने के बहाने कार रुकवाई। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे उसके साथियों ने तमंचा दिखाकर संदीप से रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
लूट के बाद बैग को वीरपुर गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया गया था। अगले दिन चारों आरोपी वहां पहुंचे और बैग से करीब 30 लाख रुपये निकालकर आपस में बांट लिए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से शिवकुमार के पास से 9.75 लाख रुपये, विशाल उर्फ सीटू के पास से 8.25 लाख रुपये और उमेश उर्फ ततैया के पास से छह लाख रुपये बरामद किए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 24 लाख रुपये बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल कुंवर बहादुर उर्फ सोनू छह लाख रुपये लेकर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उमेश उर्फ ततैया के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशाल उर्फ सीटू के खिलाफ मैनपुरी के घिरोर थाने में पहले से मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं उमेश उर्फ ततैया के खिलाफ मैनपुरी जनपद के दन्नाहार और घिरोर थानों में पहले से मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
लूट की घटना के खुलासे में कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली कोतवाली टीम में पुलिस उपाधीक्षक/कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध मुन्नालाल, उपनिरीक्षक जसवीर सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र, कांस्टेबल शेखर कटारिया और महिला कांस्टेबल दीक्षा चौधरी शामिल रहे।
एसओजी टीम में निरीक्षक संत कुमार, हेड कांस्टेबल करन, हेड कांस्टेबल तेजप्रताप, कांस्टेबल दिव्यांशु, कांस्टेबल सौरभ धीमान, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल विकास चंद्र तथा चंद्रशेखर शामिल रहे। सर्विलांस टीम में हेड कांस्टेबल संदीप राव, कांस्टेबल राहुल शर्मा और कांस्टेबल अरविंद सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी कुंवर बहादुर उर्फ सोनू की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article