फर्रुखाबाद। हाल ही में हुए उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत का एक कार्यक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है। रविवार को ग्राम सभा नगला हारी, हमीरपुर में मंत्री जी ने राकेश सिंह के मुर्गी फार्म का फीता काटकर उद्घाटन किया और उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहना शुरू कर दिया कि मंत्री बनने के बाद जनता को उम्मीद थी कि मंत्री जी बिजली परियोजनाओं, सड़कों या बड़े विकास कार्यों का उद्घाटन करते नजर आएंगे, लेकिन मंत्री जी ने अपने शुरुआती कार्यक्रमों में ही मुर्गा फार्म का उद्घाटन कर सबका ध्यान खींच लिया।
ग्रामीणों के बीच भी चर्चा रही कि हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री बने कैलाश राजपूत अब गांव-गांव जाकर कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। हालांकि स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यम को बढ़ावा देना अच्छी पहल मानी जा रही है, लेकिन मंत्री जी द्वारा मुर्गी फार्म का फीता काटने की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर लोगों को चुटकी लेने का मौका दे दिया।
लोगों का कहना है कि अब मंत्री जी के उद्घाटन कार्यक्रमों की सूची में सड़क, पुल और बिजलीघर के साथ-साथ मुर्गा फार्म भी शामिल हो गए हैं। गांव में आयोजित यह कार्यक्रम भले ही एक निजी उद्यम के शुभारंभ का था, लेकिन मंत्री जी की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया।
“मंत्री जी अभी-अभी मंत्रिमंडल पहुंचे हैं, लेकिन उद्घाटन की शुरुआत मुर्गा फार्म से हुई है। अब आगे देखना होगा कि अगला फीता किस योजना या फार्म पर कटता है।”


