फर्रुखाबाद/राजेपुर। गंगा और रामगंगा नदियों के बढ़े जलस्तर से अमृतपुर तहसील क्षेत्र में बने बाढ़ के हालात का जायजा लेने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह राजेपुर पहुंचे। उन्होंने राजेपुर ब्लॉक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। करीब 10 मिनट रुकने के बाद उनका काफिला दौलतपुर चकई स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लिए रवाना हो गया।
राजेपुर ब्लॉक पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी और अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित गांवों और लोगों तक पहुंचाई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री के काफिले के ब्लॉक पहुंचने के दौरान गेट के बाहर वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ गई, जिससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाला और वाहनों को व्यवस्थित कर जाम खुलवाया।
राजेपुर के बाद प्रभारी मंत्री का काफिला दौलतपुर चकई स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पहुंचा। यहां आयोजित बाढ़ राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और पात्र लोगों को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक , अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, अमृतपुर एसडीएम श्वेता साहू, राजेपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडे समेत जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।


