पटना: बिहार में दरोगा भर्ती परीक्षा (Sub-Inspector Recruitment Examination) और बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी संख्या में छात्र आज मंगलवार को सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी (Candidate) दोनों परीक्षाओं को रद्द कर पुनः परीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में जबरन प्रवेश करने और यातायात बाधित करने के प्रयास कर रहे कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने कहा कि, गांधी मैदान गेट नंबर 10 से, हमारा सीधा प्रतिवेदन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से होगा। क्योंकि पिछली बार चीफ सेक्रेटरी ने समय लिया था, परंतु उस पर कोई कार्रवाई होते हुए नहीं दिख रही है। इसलिए इस बार हम किसी चीफ सेक्रेटरी से नहीं मिलेंगे, हमारा सीधा प्रतिवेदन सम्राट चौधरी से होगा क्योंकि सम्राट चौधरी छात्रों के मुद्दे को लेकर संवेदनशील रहे हैं।
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा की लिहाज से पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि, हमने छात्रों से कहा था कि निर्धारित क्षेत्र में जाकर अपनी बातें वहां रखें। इस तरह शहर को अस्त-व्यस्त करना उचित नहीं। आपने देखा होगा कि बस में बच्चे फंसे हुए थे, एंबुलेंस भी थी। पुलिस जगह-जगह तैनात थी, यातायात को सुचारू किया गया है।
छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, यह जो मौजूदा सरकार है, यह समस्या का समाधान करने नहीं आई है बल्कि और समस्या देने के लिए आई है। भ्रष्टाचार, अपराध बढ़ाने के लिए आई हुई है। इनको बिहार की जनता या काम से कोई मतलब नहीं है, केवल अपना तिजोरी को भरना है और बिहार सरकार का खजाना खाली करना है। ये लोग बिहार को बर्बाद कर दिए हैं, आज सब लोग परेशान हैं, महंगाई, बेरोजगारी से परेशान हैं…..इन्होंने सब बर्बाद कर दिया है बिहार में बचा कुछ नहीं है और जो कुछ बचा है वो वे लूट रहे हैं।


