लखनऊ
सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनसेवा सरकार का सर्वोच्च कर्तव्य है और प्रदेश की 25 करोड़ जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
जनता दर्शन के दौरान बरेली जनपद की निवासी दीप्ति नामक महिला भी अपनी समस्या लेकर पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वह किराए के मकान में रहकर ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं और आर्थिक तंगी के कारण बच्चों के लालन-पालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बरेली के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि महिला को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाया जाए और उसकी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता देखकर महिला भावुक हो उठीं और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें दुआएं दीं।
कार्यक्रम में कई अन्य फरियादी भी आवास संबंधी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों की जांच कर पात्रता के आधार पर लाभ दिलाया जाए।
इसके अलावा कुछ लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अनुमान तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए और कहा कि मरीजों के उपचार की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। वहीं अभिभावकों द्वारा बच्चों की शिक्षा को लेकर जताई गई चिंताओं पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए और आवश्यकतानुसार विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर पढ़ाई जारी रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने अवैध कब्जे और पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही पर भी सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करना चाहिए। जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक बार फिर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है और समाधान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।


