नोएडा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर बाद ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे, जहां वे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्यालय का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर प्रदेश में औद्योगिक निवेश एवं रोजगार को नई गति देने का संदेश देंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं और कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा गौतमबुद्ध नगर को औद्योगिक और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्योग जगत की भी इस दौरे पर विशेष नजर बनी हुई है।


