शाहजहांपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। शहीद संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने भगवान धन्वंतरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़, तनाव और बढ़ती महत्वाकांक्षाओं के बीच लोग जीवन की संतुलित लय खोते जा रहे हैं। ऐसे समय में भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर योग मन, प्राण और शरीर के संतुलन को बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग जीवन को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में योग विज्ञान संस्थान के जिला प्रधान डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। मंच पर ज्योति गुप्ता, अखंड प्रताप एवं चिवनाथ पाल ने योगासनों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद अंसारी तथा जिला होम्योपैथ अधिकारी डॉ. शबीना नाज ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कवि डॉ. इंदु अजनबी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, छावनी परिषद के मानद सदस्य अवधेश कुमार दीक्षित, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविरल सिंह चंदेल, डॉ. मनु यादव, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. शिवपूजन सिंह, विनीत मिश्रा, दपिंदर कौर, मोहम्मद इमरान, अनुराग पाल, ऊषा कश्यप सहित बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया।


