39.8 C
Lucknow
Sunday, June 21, 2026

विश्व योग दिवस पर गंगा घाट पर हुआ योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

Must read

फर्रुखाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति के तत्वावधान में पतित पावनी मां गंगा के घाट पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभागीय निदेशक वन विभाग राजीव कुमार के निर्देशन में जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गंगा योद्धाओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य पल्लव सोमवंशी ने कहा कि योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनाना समय की आवश्यकता बन गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती आयु के साथ लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखना है।
जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि जिला गंगा समिति के तत्वावधान में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा सके और उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा सके।
इस दौरान आचार्य प्रदीप नारायण शुक्ल ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख अंजलि पाठक, समाजसेवी छोटे शुक्ला, कमलेश पाठक, योग प्रशिक्षक रोहित दीक्षित, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
गंगा तट पर आयोजित योग कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article