कमालगंज संवाददाता 📍
जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण संयोगिता मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है और वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रृंगीरामपुर से शेरपुर सराय के बीच स्थित एक पुलिया बारिश की भेंट चढ़ गई। बताया जा रहा है कि यह पुलिया पिछली बरसात में ही क्षतिग्रस्त हो गई थी और टूट गई थी। विभाग द्वारा पुलिया की मरम्मत न कराकर केवल मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से वाहनों का आवागमन चालू कर दिया गया था।
लगातार हो रही भारी बरसात के कारण पानी ने अपना रास्ता बना लिया और पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा। तेज बहाव के कारण पुलिया पर डाली गई मिट्टी पूरी तरह बह गई है। वर्तमान में सड़क के ऊपर 2 से 3 फीट तक पानी चल रहा है, जिसके कारण यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है।
यात्रियों को हो रही भारी परेशानी
किसानों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बाइक सवारों और छोटे वाहनों को वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है और इसके बंद होने से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है।
स्थानीय निवासी डॉक्टर आनंद दुबे का कहना है कि हर साल बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। स्थानीय ग्रामीण ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पुलिया का पक्का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या न हो। साथ ही फिलहाल पानी के कम होने पर तत्काल आवागमन सुचारू करने की व्यवस्था की जाए।


