सेवा शिविर में उमड़ी भारी भीड़, शिवभक्तों का फल वितरित कर किया भव्य स्वागत
बहराइच। पवित्र श्रावण मास में 283 विधानसभा नानपारा के बढ़ैया कला चौराहे पर समाजवादी पार्टी के नेता एवं संभावित विधानसभा प्रत्याशी डॉ. संतोष वर्मा द्वारा आयोजित सेवा शिविर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। बाबा बुढेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे शिवभक्तों और कांवड़ियों के स्वागत के लिए लगाए गए शिविर में सुबह से ही श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। डॉ. संतोष वर्मा ने स्वयं शिवभक्तों का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया और उन्हें फल वितरित करते हुए मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। शिवभक्तों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आए लोगों ने भी सेवा शिविर में पहुंचकर डॉ. संतोष वर्मा का अभिवादन किया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप दे दिया।डॉ. संतोष वर्मा ने कहा कि श्रावण मास सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक है। शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा वे हमेशा क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे।सेवा शिविर में पहुंचे लोगों ने डॉ. संतोष वर्मा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक अवसरों पर इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। श्रद्धालुओं ने उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. संतोष वर्मा ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की खुशहाली, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सभी परिवारों के सुख-शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके जीवन का संकल्प है और जनता के सहयोग से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


