26.6 C
Lucknow
Tuesday, August 4, 2026

प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश, डीएम ने अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित निरीक्षण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव है, इसलिए प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित शैक्षणिक गतिविधियां तथा प्रभावी विद्यालय प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार समयबद्ध पढ़ाई तथा सीखने के स्तर में निरंतर सुधार पर विशेष जोर दिया।
बैठक में विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, नामांकन और विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने निर्देशित किया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर साप्ताहिक आख्या प्रस्तुत की जाए। विद्यालयों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में अन्य विद्यालयों में भी क्रॉस-चेकिंग की जाए तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता की सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक उत्तरदायित्व पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसरों में जलभराव की समस्याओं का समाधान संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान के समन्वय से कराया जाए। क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों की नियमानुसार मरम्मत कराई जाए तथा तकनीकी रूप से अनुपयुक्त भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी समय पर पूरी की जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्राथमिक विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article