39.8 C
Lucknow
Wednesday, June 17, 2026

नगर पालिका में आदेशों को लेकर उठे सवाल, हटाए गए सफाई नायक की वार्ड-3 में दोबारा सक्रियता से मचा बवाल

Must read

वार्ड-19 में तैनाती के बावजूद वार्ड नंबर-3 में काम करने की चर्चाएं, स्थानीय लोगों ने उठाई जांच की मांग
फतेहगढ़। नगर पालिका परिषद फतेहगढ़ में सफाई व्यवस्था को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। शिकायतों के बाद वार्ड नंबर-3 से हटाए गए सफाई नायक हरिशंकर की एक बार फिर उसी वार्ड में सक्रियता को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में उनकी तैनाती वार्ड नंबर-19 में है, लेकिन इसके बावजूद वह वार्ड नंबर-3 के कार्यों में नजर आ रहे हैं। इस मामले ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर-3 से सफाई नायक हरिशंकर के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों द्वारा कथित वसूली समेत अन्य आरोप लगाए जाने के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने उन्हें वार्ड नंबर-3 की जिम्मेदारी से हटा दिया था। उनके स्थान पर सफाई नायक सर्वेश को तैनात किया गया था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सर्वेश के कार्यभार संभालने के बाद वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की विशेष शिकायत सामने नहीं आई थी। इसके बावजूद अचानक परिस्थितियां बदल गईं और सर्वेश को वार्ड के कार्य से अलग कर दिया गया। इसके बाद हरिशंकर के दोबारा वार्ड नंबर-3 में सक्रिय होने की चर्चाएं तेज हो गईं।
मामले को लेकर नगर पालिका के भीतर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में सफाई इंस्पेक्टर आदित्य पांडे की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि उनके स्तर से ही व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि हरिशंकर की तैनाती वार्ड नंबर-19 में है, तो फिर वह वार्ड नंबर-3 में किसके निर्देश पर कार्य कर रहे हैं। वहीं, जिन शिकायतों के आधार पर उन्हें पहले हटाया गया था, उन परिस्थितियों में दोबारा उसी वार्ड में उनकी सक्रियता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नगर पालिका परिषद प्रशासन इस मामले पर क्या रुख अपनाता है और वार्ड नंबर-3 की जिम्मेदारी को लेकर उठ रहे सवालों का क्या जवाब देता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article